November 10, 2026

दीपावली पर लाइसेंसी रिवॉल्वर से हर्ष फायरिंग करना कांग्रेसी नेता को पड़ा भारी, मुकदमा दर्ज

(ब्योरो दिलशाद खान KNEWS 18)

मंगलौर (हरिद्वार)। दीपावली के त्योहार पर लाइसेंसी रिवॉल्वर से हर्ष फायरिंग कर उसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल करना एक कांग्रेसी नेता को भारी पड़ गया। वायरल वीडियो का संज्ञान लेते हुए हरिद्वार पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस ने संबंधित लाइसेंसी रिवॉल्वर को भी कब्जे में ले लिया है। मामले में आरोपी की पहचान ग्राम निजामपुर निवासी वैभव सैनी पुत्र यशपाल सिंह के रूप में हुई है।

जानकारी के अनुसार, 8 नवंबर 2026 को दीपावली के अवसर पर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर एक वीडियो तेजी से वायरल हुआ था। वीडियो में एक व्यक्ति हाथ में लाइसेंसी रिवॉल्वर लेकर हर्ष फायरिंग करता दिखाई दे रहा था। त्योहार के दौरान खुलेआम हथियार से फायरिंग करने का वीडियो सामने आने के बाद पुलिस महकमे में मामला चर्चा का विषय बन गया। सोशल मीडिया पर भी इस वीडियो को लेकर सवाल उठने लगे।

मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार ने कोतवाली मंगलौर के प्रभारी निरीक्षक को वायरल वीडियो की जांच कर संबंधित व्यक्ति की पहचान करने के निर्देश दिए। एसएसपी के निर्देश पर मंगलौर पुलिस ने वीडियो की जांच शुरू की और साक्ष्यों के आधार पर फायरिंग करने वाले व्यक्ति की पहचान ग्राम निजामपुर निवासी वैभव सैनी पुत्र यशपाल सिंह के रूप में की।

पुलिस की प्रारंभिक जांच में वैभव सैनी और उसकी पत्नी का वीडियो होना प्रकाश में आया। पूछताछ के दौरान वैभव सैनी के पिता यशपाल सिंह ने भी पुष्टि की कि वायरल वीडियो में उनका पुत्र लाइसेंसी रिवॉल्वर से हर्ष फायरिंग करता दिखाई दे रहा है।

पुलिस जांच में हर्ष फायरिंग को शस्त्र लाइसेंस की शर्तों एवं आयुध संबंधी नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर मंगलौर पुलिस ने वैभव सैनी के विरुद्ध मुकदमा अपराध संख्या 538/2026, धारा 3/30 आयुध अधिनियम, 1959 के तहत अभियोग पंजीकृत कर लिया। पुलिस ने संबंधित लाइसेंसी रिवॉल्वर को कब्जे में लेकर आगे की वैधानिक कार्रवाई भी शुरू कर दी है।

### सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो बना कार्रवाई की वजह

दीपावली जैसे त्योहार पर खुशियां मनाने के दौरान हथियारों से फायरिंग करना गंभीर लापरवाही मानी जाती है। हर्ष फायरिंग के दौरान गोली किसी की जान भी ले सकती है या किसी को गंभीर रूप से घायल कर सकती है। यही वजह है कि पुलिस ऐसे मामलों में सख्त रुख अपना रही है।

### हरिद्वार पुलिस ने दी सख्त चेतावनी

हरिद्वार पुलिस ने आमजन को स्पष्ट संदेश दिया है कि सार्वजनिक स्थानों अथवा किसी भी उत्सव के अवसर पर असलहों से हर्ष फायरिंग करना कानूनन अपराध है। लाइसेंसी हथियार होने का मतलब यह नहीं है कि उसका इस्तेमाल मनमाने तरीके से किया जा सकता है। हथियारों का प्रदर्शन और हर्ष फायरिंग किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

पुलिस ने यह भी स्पष्ट किया है कि सोशल मीडिया पर इस तरह के वीडियो प्रसारित करने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध भी नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस की इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में लाइसेंसी हथियारों से हर्ष फायरिंग करने वालों को कड़ा संदेश गया है। 

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

प्रमुख खबरे

error: Content is protected !!