November 10, 2026

सरकार की उपेक्षा के बावजूद आंदोलनकारियों का सम्मान करना संघर्ष समिति का उद्देश्य: हर्ष प्रकाश काला

(ब्योरो दिलशाद खान KNEWS 18)

रुड़की, 9 नवंबर 2026। उत्तराखंड राज्य स्थापना की 26वीं वर्षगांठ के अवसर पर उत्तराखंड राज्य आंदोलनकारी संघर्ष समिति एवं अशोक नगर क्षेत्रीय विकास समिति की ओर से अशोक नगर में भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में उत्तराखंड की लोक संस्कृति, परंपराओं और शहीदों के बलिदान को याद करते हुए दीप प्रज्वलित कर समारोह का शुभारंभ किया गया। इस दौरान उत्तराखंड राज्य निर्माण के लिए संघर्ष करने वाले शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की गई। देर रात तक चले कार्यक्रम में हजारों की संख्या में क्षेत्रवासियों ने भाग लिया।

सरकार द्वारा उपेक्षित आंदोलनकारियों को सम्मान देना उद्देश्य

कार्यक्रम में समिति के केंद्रीय अध्यक्ष एवं रुड़की तहसील के प्रथम व वरिष्ठ राज्य आंदोलनकारी हर्ष प्रकाश काला ने कहा कि उत्तराखंड राज्य आंदोलन के दौरान रुड़की और हरिद्वार क्षेत्र के आंदोलनकारियों ने बेहद विषम परिस्थितियों में संघर्ष किया था। उस समय क्षेत्र में हरिद्वार या रुड़की को जिला बनाने, गढ़वाल मंडल में शामिल करने और उत्तराखंड राज्य निर्माण की मांग को लेकर आंदोलन चलाए गए। इसके साथ ही पहाड़ और मैदान के बीच विभाजन पैदा करने वाली राजनीति का भी विरोध किया गया। उन्होंने कहा कि आज भी अनेक वरिष्ठ आंदोलनकारी सरकारी चिन्हीकरण से वंचित हैं। ऐसे आंदोलनकारियों को सम्मान दिलाना ही संघर्ष समिति का मुख्य उद्देश्य है।

रुड़की का राज्य आंदोलन में रहा अहम योगदान

कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे राज्य आंदोलनकारी एवं नगर पंचायत ढंडेरा के अध्यक्ष सतीश नेगी ने सरकार से चिन्हीकरण से वंचित राज्य आंदोलनकारियों को जल्द सम्मान देने और उनका चिन्हीकरण करने की मांग उठाई।

समिति के केंद्रीय महामंत्री प्रेम गोंदियाल एवं केंद्रीय कोषाध्यक्ष कमला बमोला ने कहा कि उत्तराखंड राज्य निर्माण आंदोलन में रुड़की क्षेत्र की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। वर्ष 1994-95 में यहां करीब छह माह तक क्रमिक अनशन चला, जबकि तीन आंदोलनकारी आमरण अनशन पर बैठे थे। उन्होंने बताया कि एक जनवरी 1987 को उत्तराखंड राज्य की मांग को लेकर पहला रेल रोको आंदोलन ढंडेरा में आयोजित किया गया था।

उन्होंने तीन अक्टूबर 1994 को रामपुर तिराहा कांड के विरोध में उत्तराखंड बंद के दौरान बीएसएम तिराहे पर हुई पुलिस कार्रवाई का भी उल्लेख किया। उनके अनुसार इस दौरान रुड़की के तीन आंदोलनकारी पुलिस बर्बरता का शिकार हुए थे। प्रकाश कांति जिंदा शहीद हुए, जबकि संजीव रावत और योगम्बर सिंह रावत पुलिस की गोली से घायल हुए थे।

करीब 100 आंदोलनकारियों को मिला सम्मान

समारोह में सरकारी चिन्हीकरण से वंचित एवं उपेक्षा का सामना कर रहे करीब 100 वरिष्ठ राज्य आंदोलनकारियों को फूल-मालाएं पहनाकर और स्मृति चिह्न भेंट कर ‘उत्तराखंड निर्माण सेनानी’ सम्मान से सम्मानित किया गया। इनमें सिद्धी देवी बिष्ट, अनूप नेगी, लीला नेगी, आनन्दी देवी, अनसूया प्रसाद चमोली, मंजू काला, विमला शुक्ला, बसंती नेगी, बसंती चमोली, सावित्री दुदपुड़ी, अनिल दुदपुड़ी, सूरमा देवी, राजेन्द्र प्रकाश काला, सीता बड़थ्वाल, हर्षपाल रावत, गुड्डी रावत, उमा नेगी, मोहन सांवत, राजू कंडियाल, रामेश्वरी खंतवाल, राजेश्वरी गुसाईं, सुमित्रा देवी, बसंती मेहरा, देवेश्वरी देवी, सुरेश जोशी और कृपाल सिंह बिष्ट सहित अन्य आंदोलनकारी शामिल रहे। जो आंदोलनकारी किसी कारणवश कार्यक्रम में नहीं पहुंच सके, उन्हें उनके क्षेत्र में जाकर सम्मानित करने की बात कही गई।

लोक संस्कृति की प्रस्तुतियों ने बांधा समां

कार्यक्रम में विभिन्न कॉलोनियों के बाल कलाकारों ने उत्तराखंड की लोक संस्कृति पर आधारित रंगारंग प्रस्तुतियां दीं। पारंपरिक गीत-संगीत और सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने दर्शकों का मन मोह लिया। देर रात तक हजारों दर्शक कार्यक्रम में मौजूद रहे और कलाकारों की प्रस्तुतियों का आनंद लेते रहे।

आंदोलनकारियों के सम्मान समारोह का संयुक्त संचालन हर्ष प्रकाश काला, प्रेम गोंदियाल एवं विजय सिंह पंवार ने किया, जबकि सांस्कृतिक कार्यक्रम का संचालन गढ़भूमि सांस्कृतिक समिति के अध्यक्ष राजेन्द्र सिंह रावत एवं सुनीता कुमाई ने किया।

जनप्रतिनिधियों सहित अनेक गणमान्य लोग रहे मौजूद

कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष मान किरण चौधरी, राज्य मंत्री शोभाराम प्रजापति, राज्य मंत्री श्यामवीर सैनी, मंडल अध्यक्ष विकास पाल और टीआर शर्मा विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल हुए। इसके अलावा मोहन लाल गौड़, योगम्बर सिंह रौथाण, केके सिंह, गिरधारी लाल शर्मा, सुरेंद्र सिंह नेगी, राकेश चौहान, कुंवर सिंह चौधरी, रविन्द्र सिंह पंवार, प्रदीप रावत, सभासद दिनेश नेगी, इन्द्रपाल सिंह गुसाईं, महिपाल सिंह रावत, कुंवर सिंह डंगवाल, नन्दा ऐरी, सरोज थपलियाल और सरोज बड़थ्वाल सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के माध्यम से राज्य निर्माण में योगदान देने वाले आंदोलनकारियों के संघर्ष, त्याग और बलिदान को याद करते हुए उनके सम्मान और अधिकारों के लिए आवाज बुलंद करने का संदेश दिया गया।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

प्रमुख खबरे

error: Content is protected !!