स्वर्गीय राम बिहारी गुप्ता की पांचवीं पुण्यतिथि पर निःशुल्क चिकित्सा एवं रक्तदान शिविर आयोजित
(ब्योरो दिलशाद खान।KNEWS 18)
रुड़की, हरिद्वार। वरिष्ठ कांग्रेस नेता एवं समाजसेवी स्वर्गीय राम बिहारी गुप्ता की पांचवीं पुण्यतिथि के अवसर पर ईदगाह चौक स्थित होटल सचिन इंटरनेशनल में निःशुल्क चिकित्सा एवं रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत स्वर्गीय राम बिहारी गुप्ता को श्रद्धांजलि अर्पित कर की गई। शिविर में बड़ी संख्या में लोगों ने पहुंचकर स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाया। इस दौरान मरीजों की नेत्र जांच, विभिन्न बीमारियों की जांच, चिकित्सकीय परामर्श और निःशुल्क दवाइयां उपलब्ध कराई गईं। जरूरतमंद लोगों को चश्मे भी वितरित किए गए।
पिता की स्मृति में हर वर्ष होता है सेवा कार्य
कांग्रेस प्रदेश महामंत्री सचिन गुप्ता ने कहा कि उनके पिता स्वर्गीय राम बिहारी गुप्ता ने हमेशा जरूरतमंदों की सहायता करने और समाजसेवा के लिए प्रेरित किया। उनकी स्मृति में प्रत्येक वर्ष श्रद्धांजलि कार्यक्रम के साथ निःशुल्क चिकित्सा शिविर आयोजित किया जाता है, ताकि जरूरतमंद लोगों को स्वास्थ्य सुविधाएं मिल सकें।
उन्होंने शिविर में सहयोग करने वाले चिकित्सकों, सामाजिक संस्थाओं, रक्तदाताओं और सभी सहयोगियों का आभार व्यक्त किया। सचिन गुप्ता ने कहा कि उनके पिता के संस्कार और आशीर्वाद उन्हें लगातार जनसेवा के कार्य करने की प्रेरणा देते हैं।
हंस फाउंडेशन की टीम ने की नेत्र जांच
पूर्व मेयर प्रत्याशी एवं समाजसेविका पूजा गुप्ता ने बताया कि शिविर में हंस फाउंडेशन के सहयोग से लोगों की आंखों की जांच की गई। जरूरतमंद मरीजों को निःशुल्क चश्मे और दवाइयां उपलब्ध कराई गईं। इसके अतिरिक्त चिकित्सकों ने विभिन्न बीमारियों से पीड़ित लोगों की जांच कर उन्हें उचित परामर्श दिया।
उन्होंने कहा कि चिकित्सा शिविर का उद्देश्य समाज के जरूरतमंद वर्ग तक स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाना है। इस प्रकार के आयोजनों से लोगों को समय पर जांच कराने और अपनी सेहत के प्रति जागरूक होने का अवसर मिलता है।
आयुर्वेदिक पंचकर्म की सुविधा भी रही उपलब्ध
शिविर में पुरकाजी स्थित अनंत मूलग्राम वेलनेस सेंटर से पहुंचे डॉ. आशीष सिसोदिया ने आयुर्वेद और पंचकर्म से जुड़ी सेवाएं प्रदान कीं। आयोजकों के अनुसार, शिविर में पहली बार इस तरह की आयुर्वेदिक सेवाओं को शामिल किया गया। लोगों को निःशुल्क पंचकर्म संबंधी सुविधा और स्वास्थ्य परामर्श दिया गया। चिकित्सक डॉ. अर्पित सैनी सहित अन्य चिकित्सा कर्मियों ने भी अपनी सेवाएं दीं।
रक्तदान कर लोगों ने दिया मानवता का संदेश
चिकित्सा शिविर के साथ आयोजित रक्तदान शिविर में बड़ी संख्या में लोगों ने स्वैच्छिक रक्तदान किया। आयोजकों ने रक्तदाताओं के योगदान की सराहना करते हुए उनका सम्मान किया। रक्तदान के माध्यम से जरूरतमंद मरीजों की सहायता करने का संदेश दिया गया।
कई गणमान्य लोग रहे मौजूद
कार्यक्रम में विधायक फुरकान अहमद, विकास त्यागी, पूर्व मेयर गौरव गोयल, पूर्व मंत्री राम सिंह सैनी, कांग्रेस नेता उदयवीर सिंह पुंडीर, ईश्वर लाल शास्त्री, हेमेन्द्र चौधरी, कलीम खान, मनोज जयंत, नासिर प्रवेज, नरेश प्रिंस, सुभाष सरीन, राहुल सैनी, मेलाराम प्रजापति, वीरेंद्र ठाकुर, जाकिर हुसैन, दीपक वर्मा, साजिन सिद्दीकी, दीपक चंचल, आशा चंद्रा, पारुल गोयल, रचना यादव, पिंकी सैनी, डेजी शाही, अनिता सैनी, कविता कश्यप, नवीन गुलाटी, बिट्टू शर्मा, तनुज राठी, पंकज सोनकर, शकील अहमद और नीरज अग्रवाल सहित अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहे।
कार्यक्रम के माध्यम से स्वर्गीय राम बिहारी गुप्ता को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके समाजसेवा के संदेश को आगे बढ़ाने का प्रयास किया गया।




