October 7, 2026

डिजिटल निगरानी से सुरक्षित होगा रुड़की, 1,500 सीसीटीवी कैमरों और सेंट्रल कंट्रोल रूम की तेज़ हुई मांग

(ब्योरो दिलशाद खान।KNEWS 18)

रुड़की। शहर और आसपास के क्षेत्रों में बढ़ती चोरी, छिनैती और अन्य आपराधिक घटनाओं को लेकर समाजवादी पार्टी के प्रदेश महासचिव समीर आलम ने डिजिटल निगरानी व्यवस्था मजबूत करने की मांग उठाई है। उन्होंने कहा कि आधुनिक दौर में अपराध पर प्रभावी नियंत्रण के लिए पारंपरिक पुलिसिंग के साथ अत्याधुनिक तकनीक का इस्तेमाल बेहद जरूरी हो गया है। इसके तहत पूरे रुड़की नगर निगम क्षेत्र को सीसीटीवी कैमरों के व्यापक नेटवर्क से जोड़ने और नगर निगम मुख्यालय में अत्याधुनिक सेंट्रल कंट्रोल रूम स्थापित करने का सुझाव दिया गया है।

नगर निगम क्षेत्र में लगे 1 से 1.5 हजार कैमरे

समीर आलम ने कहा कि रुड़की की हर गली, चौराहे, मुख्य मार्ग और संपर्क मार्गों को मिलाकर करीब 1,000 से 1,500 हाई-डेफिनिशन सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएं। सभी कैमरों को एक केंद्रीय व्यवस्था से जोड़ा जाए, ताकि शहर में होने वाली गतिविधियों पर 24 घंटे निगरानी रखी जा सके।

उन्होंने कहा कि किसी वारदात के बाद अपराधी शहर से बाहर भागने का प्रयास करता है तो कैमरों की मदद से उसके संभावित मार्गों की पहचान कर पुलिस को तत्काल अलर्ट किया जा सकता है। इससे अपराधियों की धरपकड़ और घटनाओं के खुलासे में पुलिस को मदद मिलेगी।

नगर निगम में बने अत्याधुनिक कंट्रोल रूम

समीर आलम ने कहा कि केवल सीसीटीवी कैमरे लगाना पर्याप्त नहीं है। सभी कैमरों की लाइव फीड देखने के लिए नगर निगम मुख्यालय में अत्याधुनिक सेंट्रल कंट्रोल रूम बनाया जाना चाहिए। यहां से शहर के विभिन्न क्षेत्रों की निगरानी एक ही स्थान से की जा सकेगी।

उन्होंने कहा कि कंट्रोल रूम में प्रशिक्षित कर्मचारियों के साथ उत्तराखंड पुलिस के कुछ जवानों की भी नियमित तैनाती होनी चाहिए, ताकि किसी संदिग्ध गतिविधि या आपराधिक घटना की सूचना मिलने पर तत्काल कार्रवाई की जा सके।

बोर्ड बैठक में प्रस्ताव रखने की अपील

सपा नेता ने रुड़की नगर निगम के सभी पार्षदों से अपील की कि आगामी बोर्ड बैठक में जनसुरक्षा से जुड़े इस प्रस्ताव को प्रमुखता से रखा जाए। उन्होंने कहा कि राजनीतिक मतभेदों से ऊपर उठकर सभी पार्षदों को नागरिक सुरक्षा के मुद्दे पर एकजुट होकर प्रस्ताव पारित कराने का प्रयास करना चाहिए।

आसपास के निकायों को भी जोड़ा जाए

समीर आलम ने कहा कि अपराधी वारदात के बाद अक्सर आसपास के ग्रामीण और अर्ध-शहरी क्षेत्रों की ओर भागने का प्रयास करते हैं। इसलिए रुड़की के साथ आसपास की नगर पालिकाओं और नगर पंचायतों में भी सीसीटीवी नेटवर्क विकसित किया जाना चाहिए। सभी निकायों के बीच बेहतर समन्वय होने से अपराधियों के भागने के रास्तों पर प्रभावी निगरानी रखी जा सकेगी।

नगर निगम और पुलिस प्रशासन से त्वरित कार्रवाई की मांग

समीर आलम ने नगर निगम प्रशासन, महापौर, पार्षदों, आसपास के निकायों के अध्यक्षों और पुलिस अधिकारियों से इस दिशा में जल्द कदम उठाने की अपील की। उन्होंने कहा कि सीसीटीवी कैमरों की ‘तीसरी आंख’ और पुलिसकर्मियों की मौजूदगी वाला सेंट्रल कंट्रोल रूम रुड़की की सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है। उन्होंने इसे शहर को सुरक्षित और भयमुक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

प्रमुख खबरे

error: Content is protected !!