रुड़की में खाद्य सुरक्षा विभाग का बड़ा छापा, प्रतिबंधित एनालॉग पनीर बनाने वाली फैक्ट्री सील
(ब्योरो दिलशाद खान।KNEWS 18)
हरिद्वार, 4 अक्टूबर 2026। खाद्य सुरक्षा विभाग ने मिलावटी और प्रतिबंधित खाद्य पदार्थों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए रुड़की ब्लॉक के नन्हेड़ा अनेतपुर स्थित एक पनीर निर्माण इकाई पर छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान पनीर निर्माता द्वारा उत्तराखंड सरकार की ओर से प्रतिबंधित किए गए एनालॉग पनीर का निर्माण, संग्रह और विक्रय किए जाने का मामला सामने आया। टीम ने मौके से पामोलीन ऑयल, स्किम्ड मिल्क पाउडर और बड़ी मात्रा में सेमी प्रोसेस्ड पनीर बरामद किया।
यह कार्रवाई खाद्य सुरक्षा आयुक्त उत्तराखंड विनय शंकर पाण्डेय और जिलाधिकारी हरिद्वार मयूर दीक्षित के निर्देशों के अनुपालन में 3 अक्टूबर की रात की गई। कार्रवाई का नेतृत्व उपायुक्त गढ़वाल मंडल आर.एस. रावत ने किया। उनके साथ सहायक आयुक्त खाद्य सुरक्षा हरिद्वार महिमानंद जोशी, वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी दिलीप जैन एवं पवन कुमार तथा एसपी देहात अभय प्रताप सिंह के सहयोग से उपलब्ध पुलिस बल मौजूद रहा।
पामोलीन ऑयल से बनाया जा रहा था पनीर
छापेमारी के दौरान पनीर निर्माता आजाद पुत्र ईसाक के परिसर में लगभग दो टीनों में 20 किलो पामोलीन ऑयल और करीब 30 किलो स्किम्ड मिल्क पाउडर बरामद किया गया। पूछताछ में निर्माता ने विभागीय टीम के सामने कथित तौर पर स्वीकार किया कि वह पामोलीन ऑयल और स्किम्ड मिल्क पाउडर का इस्तेमाल कर पनीर तैयार करता है।
टीम के अनुसार, तैयार पनीर को बाजार में करीब 240 रुपये प्रति किलो की दर से बेचा जा रहा था। मौके पर लगभग 2 क्विंटल सेमी प्रोसेस्ड पनीर मौजूद मिला।
2 क्विंटल पनीर और 20 किलो तेल कराया नष्ट
खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने मौके पर कार्रवाई करते हुए करीब 2 क्विंटल सेमी प्रोसेस्ड पनीर और 20 किलो पामोलीन ऑयल को नष्ट कराया। वहीं करीब 30 किलो स्किम्ड मिल्क पाउडर को सीज कर जब्त कर लिया गया।
अधिकारियों ने बताया कि प्रतिबंधित खाद्य पदार्थ एनालॉग पनीर के निर्माण के कारण संबंधित पनीर निर्माण इकाई को अग्रिम आदेश तक बंद करा दिया गया है।
खाद्य सुरक्षा अधिनियम के तहत कार्रवाई शुरू
मामले में पनीर निर्माता के विरुद्ध खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम-2006 के तहत कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है। विभाग ने मौके से खुले पनीर, खुले पामोलीन ऑयल और स्किम्ड मिल्क पाउडर के कुल तीन विधिक नमूने लिए हैं। इन नमूनों को जांच के लिए राजकीय खाद्य प्रयोगशाला, रुद्रपुर भेजा गया है।
खाद्य सुरक्षा विभाग की इस कार्रवाई से क्षेत्र में खाद्य पदार्थों का निर्माण और बिक्री करने वाले कारोबारियों में हड़कंप मचा हुआ है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि खाद्य पदार्थों में मानकों का उल्लंघन और प्रतिबंधित सामग्री का इस्तेमाल पाए जाने पर नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।
कार्रवाई में एडीपीओ सत्यपाल सिंह, कांस्टेबल सुधीर कुमार, योगेंद्र सिंह, परीक्षित, सोनू पुरी तथा महिला कांस्टेबल रोमा और निर्मला सहित पुलिस एवं खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम शामिल रही।
