October 1, 2026

पिरान कलियर से चुनाव लड़ने के संकेत, आजाद अली बोले- जनता ने मौका दिया तो एक साल में दिखेगा बदलाव

(ब्योरो दिलशाद खान।KNEWS 18)

रुड़की। जन अधिकार पार्टी (जनशक्ति) के राष्ट्रीय अध्यक्ष आजाद अली ने पिरान कलियर विधानसभा क्षेत्र से आगामी विधानसभा चुनाव लड़ने के संकेत देते हुए कहा कि उनकी पार्टी पिछले दो वर्षों से लगातार जनता के बीच रहकर उनकी समस्याओं को उठाने का काम कर रही है। उन्होंने कहा कि थाना, चौकी, डीएम और एसडीएम कार्यालय तक जनता की आवाज को मजबूती से उठाया जा रहा है और जरूरतमंद लोगों के काम कराने का प्रयास किया जा रहा है।

आजाद अली ने कहा कि जन अधिकार पार्टी के कार्यकर्ता खुद को ‘कर्मवीर’ मानते हैं और उनका विश्वास केवल भाषण देने के बजाय जमीन पर काम करने में है। उन्होंने दावा किया कि लगातार जनता के बीच रहने का परिणाम है कि हरिद्वार जिले की अलग-अलग विधानसभाओं से उन्हें चुनाव लड़ने के लिए लोगों की ओर से मांग आ रही है।

उन्होंने कहा कि चुनाव महज दो महीने का होता है, जबकि जनता को अपने नेता की आवश्यकता पूरे पांच साल और 12 महीने रहती है। आजाद अली ने कहा कि जो व्यक्ति मजबूत राजनीतिक चेहरा बनना चाहता है, उसे लगातार समाज के बीच रहकर लोगों की समस्याओं को उठाना होगा। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ नेता चुनाव के दौरान सक्रिय दिखाई देते हैं, लेकिन चुनाव समाप्त होने के बाद लंबे समय तक जनता से दूर हो जाते हैं।

पिरान कलियर की मूलभूत सुविधाओं पर उठाए सवाल

पिरान कलियर विधानसभा क्षेत्र की समस्याओं का जिक्र करते हुए आजाद अली ने सड़क, जलभराव और अन्य मूलभूत सुविधाओं को लेकर सवाल उठाए। उन्होंने पिरान कलियर शरीफ से कोर कॉलोनी तक रहमतपुर रोड की खराब स्थिति का दावा करते हुए कहा कि सड़क पर जगह-जगह बड़े गड्ढे हैं। उनके अनुसार उर्स मेले के दौरान भी क्षेत्र में जलभराव, कीचड़ और अव्यवस्थाओं की स्थिति देखने को मिली।

उन्होंने आरोप लगाया कि मेले के दौरान लोगों को विभिन्न समस्याओं का सामना करना पड़ा और प्रशासनिक व्यवस्थाओं को लेकर भी सवाल उठे। हालांकि, ये आरोप आजाद अली के हैं।

आजाद अली ने लंबे समय से दुकानें लगाने वाले लोगों को अतिक्रमण के नाम पर नोटिस दिए जाने का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने कहा कि ऐसे लोगों को राजनीतिक संरक्षण और प्रभावी नेतृत्व की आवश्यकता है, ताकि उनकी समस्याओं को प्रशासन के सामने मजबूती से रखा जा सके।

मदन कौशिक के संभावित मुकाबले पर बोले आजाद अली

मदन कौशिक के पिरान कलियर विधानसभा से चुनाव लड़ने की संभावनाओं पर आजाद अली ने कहा कि यदि वह यहां से चुनाव मैदान में आते हैं तो उनका स्वागत है। उन्होंने कहा कि यदि दोनों आमने-सामने होते हैं तो जनता यह तय करेगी कि वह पिछले दो वर्षों से उनके बीच रहकर काम करने वाले आजाद अली पर भरोसा करती है या लंबे राजनीतिक अनुभव वाले मदन कौशिक पर।

उन्होंने कहा कि मदन कौशिक वरिष्ठ और बड़े नेता हैं, लेकिन चुनाव में अंतिम निर्णय जनता का होगा। आजाद अली ने यह भी कहा कि केवल किसी क्षेत्र से संबंध होना पर्याप्त नहीं है, बल्कि जनता के बीच लगातार रहकर काम करना जरूरी है।

‘मौका मिला तो काम से देंगे जवाब’

आजाद अली ने कहा कि यदि पिरान कलियर की जनता उन्हें अवसर देती है तो वह काम के माध्यम से अपनी नेतृत्व क्षमता साबित करने का प्रयास करेंगे। उन्होंने कहा कि खादर क्षेत्र से लेकर पिरान कलियर शरीफ और दौलतपुर जैसे गांवों तक सभी लोगों को समान महत्व दिया जाएगा।

उन्होंने कहा कि उनकी पार्टी धनबल के बजाय कार्य और जनता के बीच लगातार मौजूद रहने की राजनीति पर जोर देती है। आजाद अली के मुताबिक पिछले दो वर्षों में बड़ी संख्या में लोग उनके साथ जुड़े हैं और आगे भी जनता के मुद्दों को लेकर संघर्ष जारी रहेगा।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

प्रमुख खबरे

error: Content is protected !!