September 27, 2026

खंजरपुर के जय कृष्णा पब्लिक स्कूल में 100 से अधिक बच्चों की दांतों की जांच, पूजा गुप्ता की पहल पर आयोजित शिविर में बच्चों को किए टूथपेस्ट वितरित

(ब्योरो दिलशाद खान।KNEWS 18)

रुड़की। खंजरपुर स्थित जय कृष्णा पब्लिक स्कूल में पूर्व कांग्रेस मेयर प्रत्याशी एवं वरिष्ठ समाजसेविका पूजा गुप्ता की पहल पर बच्चों के लिए दंत जांच एवं जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में नर्सरी से कक्षा तीन तक के 100 से अधिक बच्चों के दांतों की जांच की गई। इस दौरान बच्चों को दांतों की नियमित सफाई, सही खान-पान और मौखिक स्वच्छता के प्रति जागरूक किया गया।

शिविर में दंत चिकित्सक डॉ. सुमिता आर्य ने बच्चों के दांतों की जांच की। उन्होंने बताया कि जांच के दौरान करीब 80 प्रतिशत बच्चों में किसी न किसी प्रकार की दंत समस्या सामने आई। कई बच्चों के दांतों में कैविटी पाई गई, जबकि कुछ बच्चों के दांत पीले थे। वहीं कुछ बच्चों के दांत टेढ़े-मेढ़े भी पाए गए। चिकित्सक ने बच्चों और शिक्षिकाओं को समझाया कि दांतों से जुड़ी समस्या को नजरअंदाज करने के बजाय समय रहते विशेषज्ञ से जांच और उपचार कराना जरूरी है।

दिन में दो बार ब्रश करने की दी सलाह

डॉ. सुमिता आर्य ने बच्चों को दिन में कम से कम दो बार ब्रश करने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि सुबह और रात सोने से पहले दांतों की अच्छी तरह सफाई करने की आदत बचपन से ही विकसित करनी चाहिए। इसके साथ ही पर्याप्त मात्रा में पानी पीने और भोजन के बाद मुंह की सफाई रखने पर भी जोर दिया गया।

उन्होंने बच्चों को चॉकलेट, टॉफी और चिप्स जैसी चीजों का बार-बार सेवन करने से बचने की सलाह दी। इसके अलावा जूस और कोल्ड ड्रिंक का सेवन सीमित रखने तथा पेंसिल जैसी वस्तुओं को दांतों से चबाने की आदत छोड़ने के लिए भी जागरूक किया गया।

प्रधानाचार्य ने बताया उपयोगी पहल

जय कृष्णा पब्लिक स्कूल की प्रधानाचार्य रुचिका सिंह ने कहा कि बच्चों के स्वास्थ्य के लिए इस तरह के दंत जांच शिविर बेहद उपयोगी हैं। नियमित जांच के माध्यम से दांतों से जुड़ी समस्याओं की शुरुआती स्तर पर पहचान की जा सकती है। उन्होंने कहा कि विद्यालय की ओर से बच्चों को नियमित ब्रशिंग, संतुलित खान-पान और स्वच्छता के प्रति लगातार जागरूक किया जाता रहेगा।

पूजा गुप्ता बोलीं—बच्चों के स्वास्थ्य पर भी हो ध्यान

वरिष्ठ समाजसेविका पूजा गुप्ता ने कहा कि आमतौर पर स्वास्थ्य शिविरों में बड़ों के स्वास्थ्य पर अधिक ध्यान दिया जाता है, जबकि बच्चों के स्वास्थ्य की नियमित जांच भी उतनी ही जरूरी है। उन्होंने कहा कि दांतों से जुड़ी छोटी समस्या की शुरुआत में ही पहचान हो जाए तो उसे गंभीर रूप लेने से रोका जा सकता है। बच्चों में स्वास्थ्य और स्वच्छता के प्रति जागरूकता पैदा करना समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है।

बच्चों को वितरित किया टूथपेस्ट

शिविर के दौरान एक कंपनी के सहयोग से बच्चों को टूथपेस्ट भी वितरित किया गया। इसके साथ ही बच्चों की देखभाल करने वाली शिक्षिकाओं के दांतों की भी जांच की गई। आयोजकों ने कहा कि बच्चों में दंत स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से भविष्य में भी इस तरह के स्वास्थ्य एवं दंत जांच शिविर आयोजित किए जाएंगे।

शिविर में हेमा, प्रिया, शिवानी, सुची, शिल्पा, दीपा, सुमन सहित विद्यालय की शिक्षिकाएं एवं अन्य लोग प्रमुख रूप से मौजूद रहे।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

प्रमुख खबरे

error: Content is protected !!